धमाका न्यूज़✍️जिले की प्रतिष्ठित संस्था दिल्ली पब्लिक स्कूल, महाराजपुर द्वारा जनहित में निःशुल्क नेत्र जाँच शिविर आयोजित

नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता: डीपीएस महाराजपुर में निःशुल्क नेत्र शिविर
कबीरधाम जिले के महाराजपुर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल, कवर्धा में दिनांक 29 जनवरी 2026, गुरुवार को निःशुल्क नेत्र जाँच शिविर का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। यह शिविर छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध एम.जी.एम. नेत्र संस्थान, रायपुर के सहयोग से आयोजित किया गया, जो विद्यालय का द्वितीय वार्षिक नेत्र शिविर रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ की गई, तत्पश्चात नेत्र परीक्षण की प्रक्रिया प्रारंभ हुई।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर आशीष अग्रवाल एवं अभिषेक अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर का अवलोकन कर चिकित्सकीय टीम का उत्साहवर्धन किया तथा इस जनहितकारी पहल की सराहना की।
शिविर में डॉ. प्रणाली गिरी (एम.एस. ऑप्थैल्मोलॉजी), जनक सेन (समन्वयक) एवं उनकी विशेषज्ञ टीम ने आधुनिक उपकरणों के माध्यम से मरीजों की आँखों की सूक्ष्म जाँच की तथा नेत्र रोगों की रोकथाम, देखभाल एवं परामर्श से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। शिविर में नेत्र जाँच के साथ-साथ ब्लड प्रेशर (बी.पी.), शुगर (ब्लड शुगर) की जाँच एवं आवश्यक काउंसलिंग भी की गई।
शिविर में विद्यार्थियों, स्थानीय ग्रामीणों तथा आम नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी आँखों की जाँच कराई।
शिविर में लगभग *115* लोगों ने नेत्र जाँच का लाभ उठाया।
जाँच के उपरांत जिन लोगों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, उन्हें विद्यालय की ओर से निःशुल्क चश्मे प्रदान करने की व्यवस्था की गई।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को आँखों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, समय रहते नेत्र संबंधी समस्याओं की पहचान करना तथा उचित परामर्श उपलब्ध कराना रहा।
इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन के साथ-साथ समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ का भी सराहनीय सहयोग रहा। उपस्थित जनों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।
अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं, शिक्षकों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। दिल्ली पब्लिक स्कूल, महाराजपुर भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।




