धमाका न्यूज़✍️भीषण गर्मी में राहत का सराहनीय प्रयास : दिल्ली पब्लिक स्कूल, महराजपुर के विद्यार्थियों ने बनाया शीतल जल से राहगीरों की प्यास बुझाने प्याऊ घर।

कवर्धा। भीषण गर्मी के इस दौर में जहां आमजन तपती धूप से परेशान हैं, वहीं दिल्ली पब्लिक स्कूल, महाराजपुर (कवर्धा) द्वारा द्वितीय वर्ष मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक सराहनीय पहल की गई है। विद्यालय परिसर के मुख्य द्वार के पास सड़क किनारे प्याऊ घर का निर्माण कर राहगीरों, स्थानीय नागरिकों एवं पशु-पक्षियों के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है।
इस पहल की सबसे खास बात यह रही कि प्याऊ घर के निर्माण में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। शिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने स्वयं श्रमदान कर इस कार्य को पूर्ण किया, जिससे उनमें सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का विकास हुआ।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा प्याऊ घर में स्वच्छ एवं ठंडे पानी की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे तेज गर्मी में राहगीरों को तत्काल राहत मिल रही है। साथ ही, पशु-पक्षियों के लिए भी अलग से पानी की व्यवस्था कर पर्यावरण एवं जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का परिचय दिया गया है।
यह पहल न केवल समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, मानवता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। विद्यालय का यह प्रयास निश्चित रूप से अन्य संस्थानों और लोगों को भी प्रेरित करेगा कि वे ऐसे जनहितकारी कार्यों में आगे आकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।




