कवर्धा। अपने जिला पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनपुरी में डॉ. वीरेंद्र साहू, जिला पंचायत सभापति के द्वारा रविवार को लगभग 50 लाख रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन संपन्न किया गया। बताया जाता है कि यह कार्य उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के विशेष स्नेह एवं मार्गदर्शन से संभव हो सका है। भूमिपूजन अंतर्गत डॉ वीरेंद्र साहू ने प्रमुख कार्यों में अहाता निर्माण 10 लाख रुपये, सामुदायिक शौचालय 4.18 लाख रुपये, सीसी रोड निर्माण 10 लाख रुपये, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, तथा आंगनबाड़ी भवन निर्माण 11.69 लाख रुपये की नींव रखी । इस अवसर पर अपने उद्बोधन में डॉ. वीरेंद्र साहू ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ये सभी निर्माण कार्य ग्राम के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करेंगे तथा आमजन को सीधा लाभ पहुंचाएंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में क्षेत्र में विकास की गति निरंतर बढ़ रही है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुषमा बघेल, सरपंच श्रीमती नर्मदा योगी, घनश्याम साहू, नरेश साहू, बागेश्वर योगी, सनत साहू सहित पंचगण एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।