धमाका न्यूज💥 सत्ता के नशे में चूर प्रदेश की कांग्रेस सरकार स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ कर रही घोर अन्याय: वीरेन्द्र साहू

अपना हक और अधिकार मांग रहे कर्मचारियों को हिटलरशाहों की तरह किया गया बर्खास्त
सिर्फ सत्ता पाने के लिए कर्मचारियों से किए गए थे झूठे वायदे
कवर्धा। कांग्रेस के पिछले चुनावी घोषणा पत्र के अनुरूप अपने हक और अधिकार की आवाज बुलंद करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अब प्रदेश की भूपेश सरकार हिटलरशाह की तरह दमनात्मक कार्यवाही कर रही है। अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर स्वास्थ्य फेडरेशन के बैनर तले बीते 21 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डंटे जिले के करीब 200 व प्रदेश के करीब 5000 डॉक्टर, नर्स, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक जैसे नियमित स्वास्थ्य कर्मचारी को सरकार ने हाल ही में एक आदेश जारी कर सिर्फ इसलिए बर्खास्त कर दिया क्योंकि वे सरकार के वादे के अनुरूप अपना हक और अधिकार मांग रहे थे। ये सरकार की एक दमनात्मक और हिटलरशाही कार्यवाही है जिसका हम पुरजोर विरोध करते हैं और कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हैं। उक्त बातें जनपद पंचायत कवर्धा एवं जिला भाजपा के उपाध्यक्ष वीरेन्द्र साहू ने जारी बयान में कहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पिछले चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया था जिसमें उसने कर्मचारियों से नियमितीकरण किए जाने, वेतन विसंगति दूर करने जैसे कई लोक लुभावन वायदे किए थे। कर्मचारियों ने सरकार के इस घोषणा पत्र पर भरोसा कर कांग्रेस का चुनाव किया था और उसे प्रदेश की सत्ता तक पहुंचाया था। लेकिन सत्ता पाने के बाद कांग्रेस की भूपेश सरकार अपना घोषणा पत्र और कर्मचारियों से किए गए तमाम वायदे भुला दिए। जिन्हें कर्मचारियों द्वारा बीते करीब साढ़े चार वर्षो में कई बार धरना, प्रदर्शन, ज्ञापन आदि के माध्यम से शासन, प्रशासन को याद भी दिलाया गया लेकिन सरकार के कान में जूं तक नहीं रेंगी और अब जब चुनावी वर्ष में ये कर्मचारी अपने हक की आवाज बुलंद कर सरकार को सीधी चुनौती दे रहे हैं तो सरकार इनके खिलाफ हिटलरशाह की तरह दमनात्मक कार्यवाही कर उन्हें बर्खास्त कर रही है जो बेहद निंदनीय और शर्मनाक है। जबकि ये वही स्वास्थ्य कर्मचारी हैं जिन्होने कोरोना संक्रमण काल के दौरान विपरीत परिस्थितियों में शासन-प्रशासन के साथ कंधा से कंधा मिलाकर जनसहयोग के कार्य करते हुए प्रदेश व जिलेवासियों की जान अपनी जान पर खेलकर बचाई थी। आज अगर सत्ता के नशे में चूर प्रदेश की कांग्रेस सरकार इन स्वास्थ्य कर्मचारियों की इस कुर्बानी और सेवा का ये परिणाम दे रही है तो यह घोर अन्याय है।
*इस बार भी चुनाव जीतने के लिए झूठे वायदे कर रही कांग्रेस*
पिछली बार की तरह इस बार भी चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस कर्मचारियों से छूठे वायदे और घोषणा कर रही है। जनपद पंचायत कवर्धा एवं जिला भाजपा के उपाध्यक्ष वीरेन्द्र साहू ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 19 जुलाई को विधानसभा सत्र के अनुपूरक बजट में हड़ताली संविदा कर्मचारियों के मानदेय में 27 प्रतिशत वृद्धि करने की घोषणा की थी लेकिन इस बात को भी अब करीब दो माह होने को आए है अभी तक अधिकांश संविदा कर्मचारी मानदेय वृद्धि के लाभ से वंचित हैं। कुल मिलाकर देखा जाए तो कांग्रेस की सरकार एक बार फिर प्रदेशवासियों को अपने छूठे चुनावी वायदों के मकडज़ाल में फंसाकर सत्ता हंथियाने की जुगत भिड़ा रही है। लेकिन अब प्रदेशवासी कांग्रेस की चाल को अच्छी तरह जानने और समझने लगे हैं।
———————-