कवर्धा। सरस्वती शिशु मंदिर, झलमला में गत दिनो वार्षिक उत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों का हौसला बढ़ाने और उन्हें प्रोत्साहित करने बतौर मुख्य अतिथि जिला पंचायत के सभापति डॉ. वीरेन्द्र साहू उपस्थित थे। कार्यक्रम में स्कूली बच्वों और विद्यालय परिवार द्वारा भव्य एवं अनुशासित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसने सभी उपस्थितजनों ने खूब सराहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. वीरेन्द्र साहू ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर केवल शिक्षा का केन्द्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के निर्माण की एक सशक्त पाठशाला है। यह मेरे लिए गर्व का विषय है कि मैं स्वयं भी सरस्वती शिशु मंदिर का विद्यार्थी रहा हूँ और यहीं से मिले संस्कार आज मेरे जीवन पथ का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होने कहा कि विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। शिक्षकों की निष्ठा, प्रबंधन की दूरदर्शिता तथा विद्यार्थियों की प्रतिभा यह सिद्ध करती है कि सरस्वती शिशु मंदिर शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मुख्यअतिथि ने विद्यालय प्रबंधन, आचार्यगण, विद्यार्थी एवं अभिभावकों को बधाई दी। इस अवसर पर रामजीलाल देवांगन व्यवस्था, दिलीप राजपूत अध्यक्ष स्कूल, ओपी चंद्रवंशी सरपंच, केदार साहू सरपंच प्रतिनिधि देहरी, योगेश चंदवंशी प्रतिनिधि गोपालभवना, हीराराम चंद्रवंशी बुथ अध्यक्ष, प्रवीण ठाकुर, भूपेंद्र चंद्रवंशी सदस्य स्कॉल, बालेश वैष्णव, डॉ शिव चंद्रवंशी, ईश्वरी चंद्रवंशी, मोती साहू, जितेंद चंद्राकर प्राचार्य सहित ग्रामीण जन तथा स्कूली बच्चे उपस्थित थे।