कबीरधाम विशेष

धमाका न्यूज़✍️डॉ. वीरेंद्र साहू ने 0 से 5 आयु वर्ग के बच्चों को पिलाई पोलियो ड्रॉप, लोगों से की अभियान को सफल बनाने की अपील

धमाका न्यूज़

कवर्धा। जिले में पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई जा रही है। 21 दिसंबर को जिले के 942 पल्स पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। अभियान के प्रथम दिवस कुल 1 लाख 03 हजार 218 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई गई। इसी कड़ी में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत विकासखण्ड कवर्धा के ग्राम मानिकचौरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में जिला पंचायत सभापति डॉ. वीरेंद्र साहू द्वारा 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के नौनिहाल को पोलियो ड्रॉप पिलाकर की गई। इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए डॉ. वीरेंद्र साहू ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रभावी पहल है।

उन्होंने कहा कि पोलियो की दो बूंदें हर बच्चे के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव हैं। डॉ. साहू ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो ड्रॉप पिलवाएं तथा इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण से ही यह अभियान गांव-गांव तक सफलतापूर्वक पहुंच पा रहा है। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

Nikhil Soni

Related Articles

Back to top button