धमाका न्यूज़💥कापा में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ; “हर राम भक्त के मन में बसते हैं भगवान हनुमान”: वीरेन्द्र साहू
कवर्धा। विकासखण्ड बोड़ला के ग्राम कापा में बीते मंगलवार को सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में ग्राम कापा के ग्रामीण हनुमान भक्तों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं इस धार्मिक अनुष्ठान में जनपद पंचायत कवर्धा के उपाध्यक्ष वीरेन्द्र साहू ने भी शिरकत की और ग्रामीणों के साथ मिलकर पूरे भक्तिभाव के साथ हनुमान चालिसा का पाठ किया। इस अवसर श्री साहू ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि तुलसीदास जी ने कलयुग में भगवान हनुमान की मौजूदगी का जिक्र किया है। तुलसीदास जी को हनुमान जी की कृपा से ही भगवान राम और लक्ष्मण जी के दर्शन प्राप्त हुए थे। कहा जाता है कि आज कलयुग में भी संसार के पांच स्थानो में भगवान हनुमान मौजूद हैं। जिसमें गंधमादन पर्वत एक है। इस पर्वत पर कलयुग में भगवान हनुमान का निवास है, इसके कई प्रमाण कई जगहों पर मिलते हैं। कहा जाता है कि कई साधु-संतों ने भी इसी स्थान पर तपस्या कर हनुमान जी के दर्शन प्राप्त किए। महर्षि कश्यप ने भी इसी पर्वत पर तपस्या की थी। यह पर्वत कैलाश पर्वत के उत्तर में स्थित है। भगवान राम से अमर होने का वरदान प्राप्त कर हनुमान जी ने इसी पर्वत को अपना निवास स्थान चुना था। इसके अलावा रामायण पाठ में भी हनुमान जी का वास है। शास्त्रों में कहा गया है कि जहां भी रामायण का पाठ होगा, वहां किसी न किसी रूप में भगवान हनुमान जरूर उपस्थित रहेंगे। इसलिए कई बार ऐसा देखा जाता है कि जहां रामायण का पाठ होता है वहां वानर आ जाते हैं। इसी प्रकार हनुमान जी का वास राम भक्त के हृदय में भी होता है। भगवान हनुमान केवल अपने भक्तों में नहीं बल्कि राम भक्त के मन में भी बसते हैं। रामायण में उल्लेख मिलता है कि, जब भगवान राम पृथ्वीलोक का परित्याग कर रहे थे तब उनके साथ भक्त हनुमान भी जाना चाहते थे। लेकिन राम जी ने कहा, जब कलयुग का समय आएगा और धर्म का खत्म हो रहा होगा, तब जो राम भक्त होंगे तुम उनके दिलों में रहना। इसलिए राम भक्तों के दिलों में सदा हनुमान जी विराजित होते हैं। श्री साहू ने कहा कि भगवान हनुमान किष्किंधा अंजनी पर्वत में निवास करते हैं। सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम के उपरांत जनपद पंचायत कवर्धा के उपाध्यक्ष वीरेन्द्र साहू ने स्थानीय व क्षेत्रीय ग्रामीणों से मेल मुलाकात भी की और उनकी समस्याएं सुनी साथ ही उन्हें केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।